लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )।थाना गोमतीनगर क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास हुई चेन झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। मामले के अनावरण के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना गोमतीनगर पुलिस टीम लगातार सक्रिय रूप से प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में दिनांक 15 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लेकर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन के टुकड़े तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, मुख्य आरक्षी बब्बन यादव तथा आरक्षी आकाश यादव द्वारा रेलवे ओवरक्रॉसिंग से जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे लगभग 02:30 बजे दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों बाल अपचारियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 14 अप्रैल 2026 को जनेश्वर मिश्र पार्क गेट संख्या-2 के पास एक महिला से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनी थी।पुलिस द्वारा की गई तलाशी में बाल अपचारियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा लूटी गई सोने की चेन के दो टुकड़े बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर पंजीकृत मुकदमे में संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई है। पुलिस ने बताया कि बाल अपचारियों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, जबकि इस घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।इस घटना के संबंध में थाना गोमतीनगर में 14 अप्रैल 2026 को पीडि़ता मल्लिका पारुई, निवासी विकास खंड-5, गोमतीनगर द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया था। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया था कि अज्ञात बाइक सवार तीन युवकों द्वारा झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन छीन ली गई थी। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गोमतीनगर में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक प्रेम कुमार को सौंपी गई थी।पुलिस टीम की तत्परता से घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। बरामदगी में एक पीली धातु की चेन के दो टुकड़े तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

