लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )।थाना गोमतीनगर क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाकर उसे गर्भवती करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 14 अप्रैल 2026 को वादिनी द्वारा थाना गोमतीनगर में एक प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री के साथ एक युवक द्वारा शारीरिक संबंध बनाए गए, जिसके परिणामस्वरूप किशोरी गर्भवती हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गोमतीनगर में मुकदमा संख्या 143/2026 अंतर्गत संबंधित धाराओं तथा बाल संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया और विवेचना उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह चौहान को सौंपी गई।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में दिनांक 14 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह चौहान अपनी टीम के साथ क्षेत्र में तलाश एवं सुरागरसी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी युवक जुगौली रेलवे क्रासिंग के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मोहित निषाद (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी बड़ी जुगौली, थाना गोमतीनगर, लखनऊ को रात्रि लगभग 10:00 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं तथा बाल संरक्षण कानून के अंतर्गत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उसके पूर्व के मामलों का सत्यापन किया जा सके।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह चौहान एवं आरक्षी जितेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है तथा पीडि़ता को आवश्यक चिकित्सीय एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

