लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )। थाना विकासनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरदोई रोड स्थित अल कबीर लान के पास से अभियुक्त को दबोच लिया।थाना विकासनगर में दिनांक 17 मार्च 2026 को अपराध संख्या 47/2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की विभिन्न धाराओं में गिरोह के लीडर सुशील कुमार मिश्रा उर्फ रज्जन मिश्रा तथा उसके गिरोह के कुल 13 सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण की विवेचना थाना गाजीपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना विकासनगर पुलिस को लिखित आदेश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को थाना विकासनगर की पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त सोनेन्द्र सिंह, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी कटरा तरौना, पोस्ट रहीमाबाद, थाना औरास, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से डकैती जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्यों द्वारा जनता में भय, दहशत और आतंक का माहौल बनाने के साथ ही लोक व्यवस्था और सामान्य जनजीवन को प्रभावित करने वाले अपराध किए जाते थे।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
इस गिरफ्तारी अभियान में थाना विकासनगर की पुलिस टीम के उपनिरीक्षक विकुल मावी, मुख्य आरक्षी ऋषि कुमार तिवारी, मुख्य आरक्षी अवध किशोर सिंह तथा आरक्षी राघवेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

