लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )। थाना विकासनगर, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन बाल अपचारियों को पकड़कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की तीन स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही स्कूटी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2026 को थाना विकासनगर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के पावर हाउस के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधियां करते हुए तीन बाल अपचारी दिखाई दिए। पुलिस द्वारा पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की गईं, जबकि एक अन्य स्कूटी उनकी निशानदेही पर पावर हाउस के पास बने शौचालय के सामने से बरामद की गई।पूछताछ के दौरान बाल अपचारियों ने बताया कि उन्होंने विकासनगर क्षेत्र में घरों के बाहर खड़ी स्कूटी को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा बरामद स्कूटियों में वाहन संख्या यूपी 32 एचवाई 7508 एक्टिवा, वाहन संख्या यूपी 32 डीजे 6495 एक्टिवा तथा वाहन संख्या यूपी 32 एफजेड 4563 एक्टिवा शामिल हैं। इन वाहनों के संबंध में थाना विकासनगर में क्रमश: अपराध संख्या 68/2026, 73/2026 तथा 74/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बाल अपचारियों द्वारा घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी को आसान लक्ष्य बनाकर चोरी की घटनाएं की जाती थीं।इस सफल कार्रवाई में थाना विकासनगर की पुलिस टीम के उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक रणधीर सिंह गौर, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह तथा आरक्षी चन्द्रशेखर गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग और गश्त अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

