लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )। थाना गुडम्बा पुलिस ने वाहन चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की कार और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक टाटा इंडिगो कार तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है, जिन्हें फर्जी नंबर प्लेट लगाकर प्रयोग किया जा रहा था।पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को वादी रामकुमार जायसवाल निवासी अटल बिहार कॉलोनी, चेतनपुरवा रोड, थाना गुडम्बा ने अपनी कार संख्या यूपी 32 एचएन 3643 टाटा इंडिगो ईसीएस घर के पास से चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना गुडम्बा पर मुकदमा संख्या 147/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को विवेचक उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए चोरी हुई इंडिगो कार को आधार खेड़ा जंगल क्षेत्र से अभियुक्त अनुराग यादव, निवासी चेतनपुरवा, थाना गुडम्बा के कब्जे से बरामद कर लिया। पुलिस ने पाया कि अभियुक्त द्वारा कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका उपयोग किया जा रहा था।पूछताछ के दौरान अभियुक्त के मोबाइल फोन की चैटिंग की जांच में संग्राम रावत, फुरकान तथा रवि वर्मा नामक व्यक्तियों से चोरी के वाहनों को बेचने और ठिकाने लगाने से संबंधित बातचीत मिली। इसके आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अनुराग यादव की निशानदेही पर सहारा स्टेट गेट नंबर-02, थाना जानकीपुरम क्षेत्र में स्थित एक किराए के मकान से चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। यह मोटरसाइकिल थाना महिगवां में दर्ज एक अन्य चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। इस दौरान पुलिस ने रवि वर्मा निवासी ग्राम समौलिया, थाना लहरपुर, जनपद सीतापुर को भी गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वाहनों की चोरी करते थे और उन पर कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने का प्रयास करते थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित रूप से वाहन चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने का कार्य करता था। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।इस सफल कार्रवाई में थाना गुडम्बा पुलिस टीम के उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर, उपनिरीक्षक अतीश सिंह, मुख्य आरक्षी भोलेनाथ नाथ राय, मुख्य आरक्षी पारस नाथ वर्मा, आरक्षी रवि राणा, आरक्षी सूर्य प्रकाश तथा आरक्षी विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाने की बात कही गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

