लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा है कि मजदूरों, किसानों और नौजवानों को जो भी अधिकार मिले हैं, वे संघर्षों और कुर्बानियों के बलबूते हासिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा और दिल्ली के एनसीआर क्षेत्र में मजदूरों के विद्रोह से मजदूर दिवस के प्रारम्भिक दौर की याद ताजा हो जाती है।प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि मजदूरों के अच्छे दिन तभी आएंगे, जब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन कर समाजवादी सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों और उनके नेताओं पर लगाए गए फर्जी मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए तथा रासुका के तहत की जाने वाली कार्रवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए।श्याम लाल पाल ने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए काम के घंटे आठ निर्धारित किए जाएं, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाए और साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी बनाया जाए तथा श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के आंदोलनों को विदेशी साजिश बताकर भाजपा सरकार अपनी नाकामी छुपाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि मजदूरों की न्यायोचित मांगों की अनदेखी और पूंजीपरस्त श्रमिक नीतियों के कारण ही श्रमिक असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और सकारात्मक नीति के माध्यम से ही संभव है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

