मिल्कीपुर-अयोध्या 15 अप्रैल (आरएनएस)। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के खण्डासा थाना अंतर्गत रेवली गांव में एक 17 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान निशा मौर्य, पुत्री छोटेलाल मौर्य के रूप में हुई है, जो मंगलवार दोपहर परिजनों से नाराज होकर घर से निकल गई थी। परिजनों के अनुसार, किशोरी के अचानक घर छोड़कर चले जाने के बाद उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोग रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी उसकी तलाश करते रहे। जब देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला, तो ग्रामीणों की मदद से आसपास के कुओं और तालाबों में भी खोजबीन शुरू की गई।
बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में एक किशोरी का शव उतराता हुआ देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना खण्डासा पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
खण्डासा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी घर से नाराज होकर निकली थी और उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि शव घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में मिला है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

