-कृषि विवि पहुंचे कृषि मंत्री शाही, टेक्नोलॉजी व गोविंदनगर फार्म का किया निरीक्षण, की कार्यों के प्रगति की समीक्षा
अयोध्या 15 अप्रैल (आरएनएस)।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में बुधवार को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भ्रमण कर विभिन्न प्रक्षेत्रों पर हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी की। मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सबसे पहले परिसर स्थित टेक्नोलॉजी पार्क में लगाए गए मक्के की फसल का अवलोकन किया। यहां पर परीक्षण के तौर पर पांच प्रकार की प्रजातियों के मक्के की फसल की बोआई की गई है। वर्तमान समय में विवि संकर प्रजाति की कलिंगाराज एवं आर.सी.एम.एच का सीड भी तैयार कर रहा है जो जलवायु परिवर्तन के अनुकूल है। इस दौरान मंत्री ने आधुनिक कंबाइन मशीन के माध्यम से गेहूं की कटाई के प्रदर्शन को देखा। मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मक्के की अच्छी प्रजातियों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक विधियों से जोडऩा हमारी प्राथमिकता है जिससे खेती को और अधिक आसान, प्रभावी होने के साथ-साथ लाभदायक बनाया जा सके। इसी क्रम में मंत्री शाही ने प्रोडक्शन प्रोसेसिंग ऊसर वेस्टलैंड गोविंद नगर फार्म का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस फार्म को आदर्श औद्यानिकी विकास केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। कहा कि गुणवत्तायुक्त फल नर्सरी की स्थापना से भूमि सुधार के साथ-साथ यहां के किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। मंत्री के विवि भ्रमण के दौरान समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, इंजीनियर, वैज्ञानिक एवं प्रक्षेत्र प्रभारी मौके पर मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

