अयोध्या 15 अप्रैल (आरएनएस)। पूरा बाजार स्थित आशा भगवान बक्स सिंह पी. जी. कॉलेज में बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान गुरुजनों ने विद्यार्थियों को इससे संबंधित कानूनों के बारे में बताया। मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गोसाईगंज नगर अध्यक्ष डा. उदय प्रताप सिंह ने नारी सशक्तिकरण के ऐतिहासिक एवं समकालीन महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि भारतीय इतिहास में महिलाओं ने अपने साहस, नेतृत्व एवं योगदान से समाज को नई दिशा दी है ।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी सशक्त परंपरा को आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए नारी सम्मान, समानता एवं अधिकारों के प्रति जागरूक बनने का आह्वान किया।महाविद्यालय के होम साइंस संकाय की डॉ. गीता आर्य ने इस अधिनियम की गहराई से व्याख्या करते हुए कहा कि यह केवल एक कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त आधारशिला है। यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी प्रदान करेगा, जिससे न केवल उनकी आवाज़ को मजबूती मिलेगी।
डॉ. गोपाल नंदन श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में कहा कि जब महिलाएं नीति निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेंगी, तब शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में अधिक समावेशी और प्रभावी नीतियां विकसित होंगी, जिससे समग्र सामाजिक विकास को गति मिलेगी। आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न वक्ताओं ने भी अपना वक्तव्य दिया जिसमें डॉ. निरुपमा श्रीवास्तव, डॉ. चंद्र प्रकाश, डॉ. शिवानी पांडे विशेष रूप से रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. किशन सोनी एवं संचालन आलोक त्रिपाठी ने किया । कार्यक्रम के अंत में नित्या सिंह ने सभी प्रतिभागियों को महिला सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों के लिए निरंतर जागरूकता फैलाने की शपथ दिलवाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

