धनबाद 16 अप्रैल (आरएनएस)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के धनबाद क्षेत्रीय कार्यालय में दिव्येन्दु कुमार (सहायक महाप्रबंधक) ने क्षेत्रीय प्रमुख के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके नेतृत्व से क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं के और अधिक सुदृढ़ एवं ग्राहक-केंद्रित होने की अपेक्षा की जा रही है। दिव्येन्दु कुमार एक अनुभवी बैंकिंग पेशेवर हैं, जिनके पास बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में समृद्ध अनुभव है। उन्होंने प्रतिष्ठित संस्थान से प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है तथा बैंकिंग संचालन, ऋण प्रबंधन, जोखिम आकलन एवं व्यवसाय विकास में विशेष दक्षता रखते हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सम्बलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अपने पूर्व कार्यकाल में कुमार ने सफलता के नये आयाम स्थापित किये । इससे पुर्व भी उन्होने बैंक में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने नरीमन पाइंट- मुम्बई शाखा के शाखा प्रबंधक सहित कई प्रमुख शाखाओं एवं क्षेत्रों में शाखा प्रबंधक/ क्षेत्रीय स्तर के दायित्व का निर्वहन किया है, जहाँ उन्होंने ऋण पोर्टफोलियो की गुणवत्ता में सुधार, एनपीए नियंत्रण, तथा व्यवसाय विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में कई शाखा/ क्षेत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बैंक के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया है व सामाजिक दायित्वों का भी सफलता पुर्वक निर्वहण किया ।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत कुमार ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य धनबाद क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं ग्राहक-केंद्रित बनाना है। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में एमएसएमई, खुदरा एवं कृषि क्षेत्र में ऋण विस्तार को बढ़ावा देना, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ कर ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करना, ग्राहक केंद्रित सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना, एनपीए प्रबंधन एवं परिसंपत्ति गुणवत्ता में निरंतर सुधार, वित्तीय समावेशन योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना व ग्राहकों एवं हितधारकों के साथ मजबूत एवं विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करना है ।
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि धनबाद क्षेत्र के समस्त सेंट्रलायिट टीम के सहयोग एवं समर्पण से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद क्षेत्र के अंतर्गत झारखंड के 12 जिलों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा व अपने ग्राहकों के अटुट विश्वास के बल पर धनबाद क्षेत्र बैंक में अपना अतिविशिष्ट स्थान बना सकेगा । दिव्येन्दु कुमार के नेतृत्व में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद क्षेत्र के और अधिक सशक्त एवं प्रगतिशील बनने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं ग्राहकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

