सतना 16 अप्रैल (आरएनएस)। डायल-112 आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता और सुरक्षा का भरोसेमंद माध्यम है। सतना जिले में साप्ताहिक हाट में परिजनों से बिछड़ी एक मासूम बालिका को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाकर डायल-112 जवानों ने सराहनीय कार्य किया।
दिनांक 15 अप्रैल को सतना जिले के थाना मझगवां क्षेत्र अंतर्गत साप्ताहिक हाट में एक 03 वर्षीय बालिका के भटक जाने की सूचनाडायल-112 राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मझगवां थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ सउनि हीरालाल मिश्रा एवं पायलट इंद्रप्रसाद गौतम ने बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में बालिका अपने परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। डायल-112 जवानों ने बालिका को साथ लेकर आसपास क्षेत्र में परिजनों की तलाश एवं पूछताछ प्रारंभ की। खोजबीन के दौरान बालिका की माता उसे तलाशते हुए मौके पर मिलीं। पहचान एवं सत्यापन उपरांत बालिका को सकुशल उसकी माता के सुपुर्द किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालिका साप्ताहिक हाट में परिजनों से बिछड़ जाने के कारण रास्ता भटक गई थी। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा की संवेदनशीलता और तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।डायल-112 हीरोज द्वारा प्रदर्शित यह मानवीय सेवा पुलिस के प्रति समाज के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है।

