– खेल व शारीरिक फिटनेस पर विशेषज्ञों ने रखे विचार, 200 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग
सिरसा 17 अप्रैल (आरएनएस)। शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा में आधुनिक युग में खेल और शारीरिक फिटनेस: उभरती चुनौतियां और नए अवसर विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से शिक्षाविदों, शोधार्थियों, खिलाडिय़ों और विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा महाविद्यालय स्तुति गान के साथ हुई, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया गया और सम्मेलन के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो.डॉ. विजय कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों का केवल बौद्धिक रूप से ही नहीं, बल्कि शारीरिक रूप से भी मजबूत होना आवश्यक है। खेल गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेलों और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि ने आगे कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने विचार साझा करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और उन्हें नई दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कॉलेज द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रो.डॉ. सुशील लेगा, शारीरिक शिक्षा विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार ने आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने खेल विज्ञान और फिटनेस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त दूसरे सत्र में डॉ. संजीव कुमार, विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा ने खेल शिक्षा में नई तकनीकों और बदलते परिदृश्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग समय की आवश्यकता बन चुका है। सम्मेलन की विशेषता यह रही कि इसमें 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। तकनीकी सत्रों के दौरान खेल विज्ञान, मानसिक स्वास्थ्य, योग, फिटनेस प्रबंधन तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई। शोधार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचारों ने सम्मेलन को ज्ञानवर्धक और शोधपरक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शोध कार्य और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए रिसर्च स्कॉलर प्रमोद बांगर को बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ. बाबूलाल तथा एमएजेएमसी के विद्यार्थी दिव्यांश द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। समापन सत्र में सम्मेलन की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया। प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें नई सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, आर.के. बजाज, आर.के. चौहान, कॉलेज एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. शशि आनंद, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुमित सिंगला, डॉ. बाबूलाल, अमित कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

