एसपी चारू निगम ने परेड और पासिंग आउट की तैयारियों का किया गहन निरीक्षण
सुलतानपुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। पुलिस लाइन्स सुलतानपुर में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड उस वक्त खास बन गई, जब पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने स्वयं पहुंचकर परेड की सलामी ली और तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी ने परेड ग्राउंड पर मौजूद पुलिसकर्मियों के वर्दी टर्नआउट, शस्त्रों की स्थिति और समग्र प्रस्तुति को गंभीरता से परखा। अनुशासन को पुलिस बल की रीढ़ बताते हुए उन्होंने टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों की खुलकर सराहना की गई, वहीं कमियों पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए गए।
पासिंग आउट परेड को लेकर एसपी का रुख बेहद स्पष्ट रहा। उन्होंने प्रशिक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्रूट आरक्षियों को हर गतिविधि में पूरी तरह दक्ष बनाया जाए, ताकि परेड में पुलिस बल की पेशेवर छवि पूरी मजबूती से उभरकर सामने आए। रिक्रूट आरक्षियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि पासिंग आउट परेड केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पुलिस की क्षमता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का सार्वजनिक प्रदर्शन होता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद एसपी ने क्वार्टर गार्ड में सलामी ली और अर्दली रूम में अभिलेखों का अवलोकन किया। रजिस्टरों के नियमित अपडेट, परिसर की साफ-सफाई और सुव्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कुल मिलाकर पुलिस लाइन में शुक्रवार का दिन अनुशासन, सजगता और सख्त संदेश के नाम रहा, जहां हर कदम पर व्यवस्था को और बेहतर बनाने की कोशिश साफ नजर आई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

