सुलतानपुर 17 अप्रैल (आरएनएस) उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम (फेज-5) के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस विभाग की ओर से पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने की, जबकि आयोजन का संयोजन अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह द्वारा किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम द्वारा सभी वक्ताओं को पौध भेंट कर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सम्मान की एक सकारात्मक पहल भी रही। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष रमेश अग्रहरि (लंभुआ), महामंत्री नियाज राइन (धनपतगंज), अध्यक्ष मनोरमा जायसवाल (अहिमाने), महामंत्री दिनेश अग्रहरि (जयसिंहपुर) एवं वरिष्ठ व्यापारी रवीन्द्र मोदनवाल सहित अन्य पदाधिकारी व उद्यमी शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन नारी शक्ति वंदन, अभिनंदन के संदेश के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

