लखनऊ, 17 अप्रैल (आरएनएस ) । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के खिलाफ दिए गए कथित गलत बयान के विरोध में प्रदर्शन के दौरान नोएडा पुलिस के रवैये में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष दीपक चोटीवाला घायल हो गए थे। उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय उनका कुशलक्षेम जानने उनके आवास जनपद गौतमबुद्धनगर जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस द्वारा उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया गया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल के प्रदेश अध्यक्ष को अपने ही कार्यकर्ता से मिलने से रोकना बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और जनसरोकार के मुद्दों से ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है।अजय राय ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की दमनकारी नीतियों से डरने वाली नहीं है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि प्रशासन को सत्ता के दबाव में आकर कार्य नहीं करना चाहिए, बल्कि निष्पक्ष और कानूनसम्मत तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस घटना की घोर निंदा करती है और चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

