लखनऊ 17 अप्रैल (आरएनएस )। थाना बंथरा क्षेत्र के जुनाबगंज मोहनलालगंज रोड स्थित ग्राम पहाड़पुर में बने एटीएम बूथ से तोडफ़ोड़ कर रुपये चोरी करने का प्रयास करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सब्बल, ग्राइंडर मशीन, मोटरसाइकिल, हेल्मेट तथा अन्य सामान भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल 2026 को वादी शौर्य श्रीवास्तव निवासी ग्राम पहाड़पुर थाना बंथरा द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रात्रि के समय एटीएम बूथ में घुसकर चोरी के इरादे से एटीएम मशीन को तोडफ़ोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बंथरा में मुकदमा संख्या 95/2026 धारा 324(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 11:30 बजे धांवापुर क्षेत्र स्थित ड्रीम ग्रीन सिटी से अभियुक्त गुलसन पुत्र मैकूलाल गौतम निवासी ग्राम सेरसा, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव (हाल पता खसरवारा, थाना बंथरा, लखनऊ) को गिरफ्तार कर लिया।अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 32 क्यूएस 5384, हेल्मेट, काला पि_ू बैग, मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखी ग्राइंडर मशीन तथा घटना में प्रयुक्त सब्बल (लोहे का सरिया) बरामद किया गया।घटना के संबंध में वादी ने बताया कि उसका व्यापारिक परिसर जुनाबगंज मोहनलालगंज रोड पर स्थित है, जहां वह दुकानों को किराये पर देने के साथ एटीएम बूथ संचालित करता है। 10 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे वह एटीएम बंद कर अपने घर चला गया था। अगले दिन 11 अप्रैल को सुबह लगभग 5 बजे वापस आने पर एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच में 11 अप्रैल की रात्रि लगभग 2:50 बजे एक व्यक्ति हेल्मेट लगाकर एटीएम बूथ में घुसते हुए और औजारों से मशीन तोड़ते हुए दिखाई दिया।पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह खसरवारा क्षेत्र में किराये पर रहकर एक निजी खाद्य आपूर्ति कंपनी के गोदाम में टीम प्रभारी के रूप में कार्य करता था। उसने बताया कि शेयर बाजार और आभासी मुद्रा में निवेश के लिए उसने मित्रों से उधार लिया था, जिससे वह भारी कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने के उद्देश्य से उसने एटीएम मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी करने की योजना बनाई थी।पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को थाना बंथरा पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

