लखनऊ 17 अप्रैल (आरएनएस )। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के भ्रमण के दौरान आदर्श नगर पंचायत मधुबन के नवनिर्मित कार्यालय भवन का देर शाम उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।अपने संबोधन में मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि मात्र 65 लाख रुपये की लागत से इस कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। कम लागत में बेहतर गुणवत्ता का निर्माण कार्य होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।मंत्री ने कहा कि मधुबन क्षेत्र की सभी सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा तथा सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि मधुबन क्षेत्र की तस्वीर बदलनी है तो कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना होगा। इसी दिशा में उन्होंने किसान बाजार, कृषि मंडी, शीतगृह तथा मिनी शीतगृह स्थापित करने की घोषणा की, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों।मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि लगभग 25 से 30 वर्षों से बंद पड़ी परदहा मिल, जहां भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर लिया गया है, वहां शीघ्र ही औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र को औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाएगा, जिससे मधुबन क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कृषि और उद्योग के समन्वय के माध्यम से मधुबन क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा और आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रगति की नई मिसाल बनेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

