गोरखपुर, 17 अपै्रल (आरएनएस ) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं और शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित कराएं। जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, घबराइए मत, सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराएगी। शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले। उन्होंने लोगों के पास जाकर उनकी बातें सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र अपने हाथ में लेकर उनका अवलोकन किया। इसके बाद विभिन्न मामलों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक ढंग से किया जाए।
जनता दर्शन में हर बार की तरह शुक्रवार को भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का खर्च का अनुमान शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।कुछ महिलाओं ने आवास की समस्या भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो पात्र लोग अभी तक पक्के आवास की सुविधा से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिलाया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

