लखनऊ, 17 अप्रैल (आरएनएस )। पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य में शनिवार को एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिलेगी। पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में शामिल मुख्यमंत्री योगी का यह दौरा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें वे उत्तर से दक्षिण तक फैले तीन जिलों में लगातार कार्यक्रमों के जरिए चुनावी माहौल को धार देंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे कूच बिहार जिले की माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी निशीथ प्रमाणिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीमावर्ती इस क्षेत्र में पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने के प्रयास में है और मुख्यमंत्री की सभा को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 1:20 बजे भाजपा प्रत्याशी नरेश चंद्र राय के समर्थन में जनसभा करेंगे। उत्तर बंगाल क्षेत्र में पिछले चुनावों में बने आधार को और मजबूत करने पर इस बार विशेष जोर दिया जा रहा है।दिन के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे बांकुरा पहुंचेंगे, जहां भाजपा प्रत्याशी नीलाद्री शेखर दाना के समर्थन में उनका रोड शो प्रस्तावित है। बांकुरा, जो जंगलमहल क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, वहां रोड शो के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन की व्यापक तैयारियां की गई हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभाओं में हाल के दिनों में उमड़ रही भीड़ को इस चुनाव में एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। सभास्थलों पर लोगों में उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुकता दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर सभा शुरू होने से पहले ही लोग पहुंचकर अपनी जगह सुनिश्चित कर रहे हैं और कार्यक्रम समाप्त होने तक डटे रहते हैं। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा है और स्थानीय स्तर पर पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन के संकेत मिल रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

