लखनऊ 17 अप्रैल (आरएनएस )। पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनन्द के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार द्वारा गठित टीम ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता द्वारा सूचना दी गई कि 11 अप्रैल 2026 को वह अपने परिवार के साथ एक ढाबे पर भोजन करने के बाद सो गया था। रात्रि लगभग 2 बजे नींद खुलने पर उसकी लगभग 15 वर्षीय पुत्री गायब मिली। परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।इसके बाद 12 अप्रैल 2026 को एक परिचित द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम बख्तौरी खेड़ा निवासी सुभाष नामक युवक द्वारा उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। इस सूचना पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 145/26 धारा 87/137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा पीडि़ता की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा 16 अप्रैल 2026 को पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा आरोपी सुभाष पुत्र अमरेश रावत निवासी बख्तौरी खेड़ा थाना मोहनलालगंज, जनपद लखनऊ उम्र लगभग 20 वर्ष को उसी दिन शाम लगभग 7:20 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को 17 अप्रैल 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निमेश दूबे तथा कांस्टेबल अमरजीत शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

