लखनऊ 17 अप्रैल (आरएनएस )। थाना क्षेत्र दुबग्गा के इज्जत नगर इलाके में एक युवक की 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को लगभग 2:40 बजे थाना क्षेत्र के इज्जत नगर में नोबल पब्लिक स्कूल के पीछे एक युवक के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की सूचना प्राप्त हुई। प्रारम्भिक जांच में पता चला कि मकान मालिक साकिब अब्बास पुत्र वजीउल्लाह हसन द्वारा इज्जत नगर कॉलोनी, महीपत मऊ थाना दुबग्गा क्षेत्र में अपने नए मकान का निर्माण कराया गया था और गृह प्रवेश की तैयारी चल रही थी।इसी दौरान मकान की छत की रेलिंग पर झालर लगाने का कार्य मिस्त्री सुहेल पुत्र जुबेर निवासी तिलक खेड़ा थाना संडीला जनपद हरदोई, उम्र लगभग 24 वर्ष द्वारा किया जा रहा था। कार्य के दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

