० कलेक्टर अमित कुमार ने 3 युवाओं को स्वरोजगार हेतु दिए 2.76 लाख रुपये के अनुदान
सुकमा, 17 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में राज्य शासन की छत्तीसगढ़ राज्य डेयरी उद्यमिता योजना ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर अमित कुमार एवं उपसंचालक पशुचिकित्सा सेवाएं डॉ. संदीप इंदुरकर के मार्गदर्शन में कलेक्टर कार्यालय सुकमा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चयनित हितग्राहियों को सहायता अनुदान राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आजीविका को सुदृढ़ करना है।
पशुधन विकास विभाग अंतर्गत राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजनांतर्गत जिले के 3 युवाओं को कुल 2 लाख 76 हजार 494 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें मुरतोंडा निवासी रमेश कुमार को 93,240 रुपये, कोंटा निवासी मड़कम विजय कुमार को 90,014 रुपये तथा कट्टम विक्रम कुमार को 93,240 रुपये की अनुदान राशि कलेक्टर अमित कुमार के हाथों प्रदान की गई।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदाय की गई यह राशि डेयरी व्यवसाय से संबंधित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था में सहायक होगी, जिससे हितग्राही स्वरोजगार स्थापित कर स्थायी आय का स्रोत विकसित कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को योजना के बेहतर क्रियान्वयन एवं व्यवसाय संचालन संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया। जिला प्रशासन के इस प्रयास से आदिवासी अंचल में रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

