रायगढ़,17 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध कबाड़ के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार ट्रकों से 82 लाख रुपये से अधिक का कबाड़ और वाहन जब्त कर चार ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने बेरियर पर सघन नाकेबंदी कर यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोरबा की ओर से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चार संदिग्ध ट्रकों को रोककर जांच की।जांच में ट्रकों से कुल 81.02 टन लोहे का पाइप, एंगल और स्क्रैप बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 34.13 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं जब्त चारों वाहनों की कीमत लगभग 48 लाख रुपये है। इस तरह कुल 82.13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।पुलिस ने चारों ट्रक चालकों—छोटे लाल यादव, नरसिंग यादव, छबिनाथ प्रसाद और अरविंद कुमार सिंह—को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरबा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान कोई भी चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने चारों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर बीएनएसएस और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

