० भवन अनुज्ञा दिलाने के नाम पर प्रार्थी से नगद राशि लेने का मामला सामने आया
० भाजपा ने लगाया विधायक के संरक्षण का आरोप
धमतरी, 17 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पंचायत आमदी के वार्ड पार्षद ऋषभ ठाकुर द्वारा भवन अनुज्ञा प्रदान करने के एवज में प्रार्थी से नगद रुपए लिए जाने के मामले का खुलासा विगत दिनों परिषद की बैठक में हुआ, जिसे लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित पार्षदों में रोष व्याप्त है। यह विषय अध्यक्ष की अनुमति से परिषद की सदस्य सुनीता साहू द्वारा उठाया गया। दरअसल वार्ड क्रमांक 9 के निवासी नोहर साहू पिता प्रहलाद साहू द्वारा भवन अनुज्ञा हेतु नगर पंचायत में आवेदन प्रस्तुत किया गया। कांग्रेस पार्षद ऋषभ ठाकुर द्वारा प्रार्थी से भवन अनुज्ञा के एवज में पैसों की मांग किए जाने पर प्रार्थी ने पार्षद ऋषभ ठाकुर को 55000 रुपए नगद दिए और उसके पश्चात उसे दिनांक 11.03.2026 को भवन अनुज्ञा प्रदान कर दी गई। गौरतलब बात यह है ऋषभ ठाकुर ने स्वयं प्रार्थी से नगद 55000 रुपए लिए जिसकी कोई रसीद प्रार्थी को नहीं दी गई। मामले की जानकारी परिषद की सदस्य सुनीता साहू को होने पर उनके द्वारा यह विषय परिषद में उठाया गया। मामला उजागर होने पर मुख्य नगर पंचायत अधिकारी ने स्वीकार किया कि पार्षद द्वारा प्रार्थी से 55000 रुपए नगद लिया गया था और उसकी कोई रसीद नहीं दी गई थी। मामला उजागर होने पर दिनांक 13.04.2026 को उक्त राशि की रसीद मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा काटा गया। यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार का मामला है जिसमें कांग्रेसी पार्षद ऋषभ ठाकुर सीधे तौर पर दोषी है।
इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन एवं किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा ने आरोप लगाया कि आमदी नगर पंचायत के पार्षदों को पर्दे के पीछे से विधायक का संरक्षण प्राप्त है। विधायक का भय दिखाकर नगर पंचायत आमदी के कांग्रेसी पार्षदों द्वारा लगातार नियम विरुद्ध कार्य और भ्रष्टाचार विगत कुछ महीनों से किया जा रहा है अथवा पंचायत के अधिकारी कर्मचारियों से कराया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि कांग्रेसी पार्षदों को इस प्रकार भोले भाले नागरिकों और किसान भाइयों से अवैध उगाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके विरुद्ध शासन प्रशासन से कड़ी कार्यवाही की मांग की जाएगी।
इस मामले की लिखित शिकायत नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू, उपाध्यक्ष कोमल यादव, सुनीता साहू, उमानंद कुंभकार सहित समस्त पार्षदों द्वारा शुक्रवार को कलेक्टर से की। वार्ड पार्षद के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत कार्यवाही करने तथा मुख्य नगर पंचायत अधिकारी के विरुद्ध भी यथाशीघ्र नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

