सारंगढ़-बिलाईगढ़, १७ अप्रैल (आरएनएस)। जिले के बरमकेला ब्लॉक में शिक्षा विभाग में चल रही वसूली पर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े को १० हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के दो शिक्षकों का मार्च महीने का वेतन रोक दिया गया था। आरोप है कि वेतन जारी करने के बदले ५-५ हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। शिक्षक निरंजन बरिहा ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।
योजना के तहत शिकायतकर्ता शिक्षक को पैसे देकर बीईओ कार्यालय भेजा गया। जैसे ही नरेंद्र जांगड़े ने १० हजार रुपये लेकर उसे अपनी टेबल की दराज में रखा, पहले से घात लगाए एसीबी टीम ने दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि संकुल समन्वयक संजय चौहान इस पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था और शिक्षकों से रिश्वत दिलाने में सक्रिय था।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बीईओ की कार्यशैली को लेकर पहले से ही शिक्षकों में नाराजगी थी। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

