रायपुर, 17 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी सौरभ ठाकुर को श्री मेडिशाइन अस्पताल के पीछे से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इलाके में नशीले पदार्थ की बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन के निर्देशन और एसीपी इशू अग्रवाल के मार्गदर्शन में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ ठाकुर निवासी न्यू राजेंद्र नगर बताया। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशा कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी गिरफ्तारी हो सकती है, क्योंकि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

