कुशीनगर, 17 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों को माहवार प्राप्त ग्रेडिंग एवं रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि माह फरवरी में जनपद की रैंकिंग 13वीं थी, जो माह मार्च में 30वे स्थान पर आ गई है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित विभागों को रैंकिंग में अपेक्षित सुधार लाने हेतु गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों के सापेक्ष योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक दशा में माह अप्रैल में ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में सुधार लाया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का डाटा शत-प्रतिशत पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी मिक को प्रत्येक दिन 10 से 12 तक होने वाली जिला अधिकारी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग से कनेक्ट किया जाए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहां की सभी उप जिलाधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी स्तर पर कोई भी डाटा/सत्यापन रिपोर्ट लंबित नहीं रहना चाहिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम चौपाल लगाकर जल आपूर्ति का कनेक्शन लेने के लिए जन सामान्य को जागरूक किया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि सैम/मेम श्रेणी के बच्चों की निगरानी करें तथा उन्हें आरबीएसके टीम के माध्यम से एन आर सी में भर्ती कराए। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी लाभार्थियों की सूची को सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुसहर बस्ती में कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाया जाए तथा जिस योजना का पात्र है उसे उसे योजना से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी मुसहर परिवारों का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज किया जाए। उन्होंने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम चौपाल कार्यक्रम में अवश्य जाएं तथा योजनाओं की समीक्षा करें एवं पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाए।उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं का दर्पण है। इसमें प्रदर्शित सूचकांकों में सुधार लाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है, वे अपने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें, कमियों को चिन्हित कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे फील्ड स्तर पर जाकर कार्यों का सत्यापन करें, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी विभाग सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़ों की समयबद्ध एवं शुद्ध फीडिंग सुनिश्चित करें, ताकि वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि गलत अथवा अपूर्ण डाटा प्रविष्टि के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पोषण, ग्रामीण विकास, पेयजल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि इन योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को समय से लाभान्वित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद की समग्र रैंकिंग में सुधार लाने हेतु सतत प्रयास करने के निर्देश दिया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र प्रकाश, जिला विकास अधिकारी, डी.ई.एस.टी.ओ, पी.डी. तथा जनपद के समस्त संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

