मीरजापुर। यूपी के मीरजापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव गांव में बीती रात जमीन पर जेसीबी से मिट्टी खुदाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिणामस्वरूप मनबढ़ों की पिटाई से घायल 40 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। मृतक की पहचान दिनेश चौबे पुत्र स्व. जटाशंकर चौबे के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, गांव में कुछ लोग उनकी जमीन पर जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। जब दिनेश चौबे ने इसका विरोध किया, तो अजय, ललित उर्फ ऋषि पुत्र ताड़कनाथ तिवारी और बृजेश तिवारी उर्फ बबलू पुत्र राजेन्द्र तिवारी ने मिलकर उन्हें लात-घूसों से बुरी तरह मारपीट दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को तत्काल पीएचसी सर्रोंई ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां मालती देवी ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने शुक्रवार भोर में घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि मामले में जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गांव में स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

