भोपाल 17 अप्रैल (आरएनएस)।महाराष्ट्र के नासिक की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की इकाई में महिला कर्मचारियों के यौन शोषण, मानसिक प्रताडऩा और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव के मामले को लेकर भोपाल में बजरंग दल विरोध कर रहा है। बुधवार को एमपी नगर क्षेत्र में बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए। इनमें इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद देश के गद्दारों को गोली मारो लव जिहाद बंद करो जैसे नारे शामिल रहे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता दाढ़ी-टोपी वाला पुतला भी लेकर पहुंचे, जिसके साथ उन्होंने प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि नासिक टीसीएस मामले में सामने आए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने इसे कॉर्पोरेट जिहाद करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने पीडि़त महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और ऐसे मामलों पर रोक लगाने की अपील की है।
गौरतलब है कि नासिक टीसीएस कार्यालय में 8-9 महिला कर्मचारियों और एक पुरुष ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने टीम लीडर्स और एचआर मैनेजर पर यौन शोषण, धार्मिक दबाव, जबरन धर्म परिवर्तन और संबंध बनाने के लालच में शोषण के आरोप लगाए हैं।
मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राज्य सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

