कबीरधाम , 18 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रेंगाखार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक, 11 अप्रैल 2026 की रात एक बोलेरो पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर मध्य प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। इस दौरान गौ सेवकों द्वारा पीछा किए जाने पर चालक ग्राम सूपखार के पास वाहन और मवेशियों को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन सहित चार मवेशियों को अपने कब्जे में लिया। जब्त किए गए मवेशियों में दो भैंसी, एक भैंस और एक बछड़ा शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 5 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
जांच के दौरान वाहन के मालिक से पूछताछ और परिवहन विभाग से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान शंकर सेंद्रे (31 वर्ष), निवासी मोहगांव, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने 16 अप्रैल को आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 17 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया।
इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना रेंगाखार पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
अपील:
कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

