रायपुर, 18 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर में वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर अब सियासी और औद्योगिक हलकों में बहस तेज हो गई है। इस बीच भाजपा सांसद और उद्योगपति नवीन जिंदल ने वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के समर्थन में बयान दिया है और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सवाल उठाए हैं।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि हादसे में कई परिवारों ने अपनों को खोया है और पीडि़तों को उचित मुआवजा, आजीविका सहायता और निष्पक्ष जांच मिलना बेहद जरूरी है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बिना पूरी जांच के अनिल अग्रवाल का नाम एफआईआर में शामिल करना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, अनिल अग्रवाल का प्लांट के दैनिक संचालन में कोई प्रत्यक्ष रोल नहीं था, इसलिए पहले तथ्यों और सबूतों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
नवीन जिंदल ने उदाहरण देते हुए कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों या रेलवे में हादसे होने पर सीधे शीर्ष पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तो यही मानक निजी क्षेत्र में भी लागू होना चाहिए।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि देश के विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योगपतियों का सिस्टम पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।
फिलहाल, वेदांता प्लांट हादसे की जांच जारी है और इस पूरे मामले पर राजनीतिक और औद्योगिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

