0 न्याय नहीं तो आंदोलन का प्रशासन को सीधा अल्टीमेटम।
दंतेवाड़ा, 18 अप्रैल (आरएनएस)। जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ वरुण नागेश पर लगे अश्लील व्यवहार के गंभीर आरोपों को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कड़ी नाराजग़ी जताई है। उन्होंने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।तुलिका कर्मा ने कहा कि महिला कांग्रेस द्वारा स्पष्ट रूप से एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया था कि यदि दोषी अधिकारी के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा, लेकिन घटना को लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्रशासन की चुप्पी कई संदेह पैदा करती है। यह देरी कहीं न कहीं दोषी को बचाने का प्रयास प्रतीत होती है।तुलिका ने डीपीओ वरुण नागेश पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन पर महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ जैसे गंभीर आरोप लगे हों, ऐसे अधिकारी का पद पर बने रहना ही सवालों के घेरे में है। जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कम से कम उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए था, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। लेकिन ऐसा न होना यह दर्शाता है कि कहीं न कहीं प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है।उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जैसे जिले में, जहां नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष और महिला आयोग की सदस्य भी महिलाएं हैं, वहां इस तरह की घटनाओं में पीडि़त महिलाओं को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, यह बेहद शर्मनाक है। सरकार और प्रशासन महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। तुलिका कर्मा ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर भाजपा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर जब महिलाओं के साथ शोषण और अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं, तब कार्रवाई के नाम पर सिर्फ चुप्पी दिखाई देती है। सिर्फ आरक्षण की बातें करना पर्याप्त नहीं है, जब तक जमीनी स्तर पर महिलाओं को सुरक्षा और न्याय नहीं मिलेगा, तब तक ऐसे दावे खोखले ही साबित होंगे।तुलिका ने आगे कहा कि पीडि़त महिलाएं लगातार न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे उनका मानसिक और सामाजिक रूप से शोषण और बढ़ रहा है। यह सिर्फ दो महिलाओं का मामला नहीं है, बल्कि पूरे महिला समाज के सम्मान का सवाल है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डीपीओ वरुण नागेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

