0 जिलेभर में कार्रवाई की मांग, 15 दिन में कदम नहीं उठे तो आंदोलन की चेतावनी।
दंतेवाड़ा, 18 अप्रैल (आरएनएस)।जिले में बढ़ते अपराध, बाहरी व्यक्तियों की अनियंत्रित बसावट और स्थानीय युवाओं को रोजगार में मिल रही उपेक्षा को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष गणेश दुर्गा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी थानों में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पुलिस प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने कहा कि दंतेवाड़ा जिला तेजी से औद्योगिक और व्यावसायिक बदलावों से गुजर रहा है, लेकिन इसके साथ ही बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग बिना किसी पुलिस सत्यापन के किराए के मकानों में रह रहे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की आशंका लगातार बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।संगठन ने हाल के दिनों में हुई चाकूबाजी, चोरी और जानलेवा हमलों की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में बाहरी तत्वों की संलिप्तता सामने आ रही है, जिससे जिले की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। साथ ही निजी कंपनियों द्वारा स्थानीय युवाओं को दरकिनार कर बाहरी श्रमिकों को प्राथमिकता देने पर भी नाराजगी जताई गई। युवा कांग्रेस का कहना है कि इससे जिले के युवाओं में बेरोजगारी बढ़ रही है और उनमें आक्रोश पनप रहा है।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में संचालित निजी कंपनियों और ठेकेदारों को स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए बाध्य किया जाए, बाहरी श्रमिकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए और उनके रहने-ठहरने की पूरी जानकारी संबंधित थानों को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही बाहरी श्रमिकों के दस्तावेजों की सघन जांच और शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी मांग की गई है।जिला अध्यक्ष गणेश दुर्गा ने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर जिले की सुरक्षा और स्थानीय युवाओं के अधिकारों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के हक की रक्षा की मांग उठाई।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

