जांजगीर-चांपा,18 अप्रैल (आरएनएस)। जिले की सायबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की रात नैला क्षेत्र के अनंत बिहार नहरिया बाबा रोड स्थित एक सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में जांच शुरू की गई।जांच के दौरान सायबर टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध सफेद रंग की वर्ना कार नजर आई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश जावरे (24) निवासी बालाघाट (म.प्र.), पप्पू पटेल (22) और राजेश पटेल (19) निवासी बिलासपुर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात से पहले इलाके की रेकी करने और फिर सूने मकानों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नैला क्षेत्र के अलावा मुंगेली जिले के लोरमी और जांजगीर के विष्णु बिहार कॉलोनी में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।आरोपियों के कब्जे से एक कार (कीमत 2 लाख रुपये), तीन मोबाइल (21 हजार रुपये), नगद 5 हजार रुपये, सोने की बाली और चांदी के आभूषण सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले सोनार की तलाश जारी है।इस पूरी कार्रवाई में सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई, वहीं नैला चौकी स्टाफ का भी सराहनीय योगदान रहा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

