मैहर,18 अपै्रल (आरएनएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पटेहरा तालाब में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भाई की बरसी के कार्यक्रम के दौरान तालाब गई चार किशोरियां और युवतियां गहरे पानी में डूब गईं। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है।
सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, मृतका आँचल चौधरी के भाई की एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से मौत हुई थी। शनिवार को उसी भाई की बरसी थी। घर में चल रहे कार्यक्रम के लिए परिवार की महिलाएं और बच्चे तालाब में दाल धोने गए थे। इसी दौरान नहाते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में चारों गहरे पानी में चली गईं।
हादसे में पूनम चौधरी (10 वर्ष, पिता मुकेश चौधरी) और आँचल चौधरी (20) पिता रामसजीवन चौधरी) की मौत हो गई। दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं। वहीं आंचल की सगी बहन शालू चौधरी (21) और अभिषेक चौधरी (11) को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। दोनों घायलों का सिविल अस्पताल मैहर में उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जिला प्रशासन ने पीडि़त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरबीसी 6-4 के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटेहरा बीड़ी कॉलोनी की एक युवती और तीन नाबालिग तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय एक किशोरी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीनों भी आगे बढ़ीं, जिससे वे सभी गहरे पानी में डूबने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृतकों की पहचान पूनम चौधरी (10 साल), पिता मुकेश चौधरी और आंचल चौधरी (20), पिता रामसजीवन चौधरी, निवासी बीड़ी कॉलोनी पटेहरा के रूप में हुई है। बचाव दल ने दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाल लिया है। शवों को सिविल अस्पताल मैहर भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

