दतिया,18 अपै्रल (आरएनएस)। भाण्डेर थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा नारायण में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताडऩा और हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस पहुंच कर एसपी के नाम एएसपी सुनील शिवहरे को शिकायती आवेदन सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
झांसी जिले के समथर निवासी कृपाशंकर दोहरे ने बताया कि उनकी पुत्री समीक्षा दोहरे की शादी 8 मई 2022 को पथर्रा नारायण निवासी अनुरुद्ध उर्फ बंटी दोहरे के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष पति अनुरुद्ध, ससुर श्यामलाल, सास कुशमा, जेठ पुष्पेंद्र उर्फ गुल्ली और जेठानी खुशबू दहेज की मांग को लेकर समीक्षा को प्रताडि़त करते थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार (17 अप्रैल) सुबह करीब 6:42 बजे समीक्षा ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और वह घर लौटना चाहती है। इसके कुछ घंटों बाद पति अनुरुद्ध का फोन आया, जिसमें उसने समीक्षा के आत्महत्या करने की जानकारी दी। मायके पक्ष जब गांव पहुंचा तो उन्हें घटनास्थल की स्थिति संदिग्ध लगी।
उनका आरोप है कि जिस कमरे में फांसी लगाने की बात कही गई। उसका दरवाजा नीचे से टूटा हुआ था और शव की स्थिति भी आत्महत्या से मेल नहीं खा रही थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। मृतका की दो साल की एक बेटी है।
पीडि़त पिता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

