जौनपुर ,18 अपै्रल (आरएनएस)। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील मडियाहूं में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा लोगों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित करते हुए ससमय गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश दिए गए। मंगला सिंह निवासी छीतम सराय, रामनगर, मडियाहू द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि आधार में उनका नंबर मंगला सिंह दर्ज है जबकि खतौनी में उनका नाम मंगला प्रसाद दर्ज है। नाम मिसमैच होने के कारण उनका फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रहा है। प्रकरण संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को खतौनी में नाम संशोधित कराने के निर्देश दिए। चंद्र प्रकाश सिंह निवासी गनापुर मडियाहूं द्वारा अवैध कब्जे के संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा खंड विकास अधिकारी मडियाहू को स्थलीय निरीक्षण करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रामलखन निवासी जमुआ सिकरारा द्वारा अवगत कराया गया कि उनका किसान सम्माननिधि विगत 2 वर्ष से नहीं मिल रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को जांच करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 138 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मडियाहू नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

