सिरसा 19 अप्रैल (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत लगातार गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत आज ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर स्थित खेल स्टेडियम में पहुंचकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है बल्कि उसका परिवार और समाज भी इसके दुष्परिणामों को भुगतता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाएं और अपने गांव, माता-पिता तथा समाज का नाम रोशन करें।उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सोच और व्यवहार को नकारात्मक रूप से प्रभावित करती है, जिससे वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असमर्थ हो जाता है। थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने कहा कि नशे के सेवन से अनेक गंभीर बीमारियां जन्म लेती हैं और व्यक्ति का भविष्य अंधकारमय हो सकता है। इसके अलावा नशे के कारण परिवारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा समाज में अपराध और असुरक्षा की भावना भी बढ़ती है।थाना प्रभारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों तथा आमजन को मिलकर संयुक्त प्रयास करने होंगे। थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने आगे बताया कि नशे के आदी लोगों के उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें। अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा बेचने या तस्करी करने वालों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

