छपरा, 19 अप्रैल (आरएनएस) । सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने देश के प्रखर पत्रकार, ओजस्वी विचारक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बलबीर पुंज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र के वैचारिक व बौद्धिक जीवन की अपूरणीय क्षति बताया है। विदित हो कि वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और जाने-माने पत्रकार बलबीर पुंज का शनिवार शाम निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही राजनीति, पत्रकारिता और सार्वजनिक चिंतन के क्षेत्र में एक लंबे और प्रभावशाली कॅरिअर का अंत हो गया। पुंज प्रभावशाली विचारक, स्तंभकार और भाजपा के बौद्धिक प्रकोष्ठ के संयोजक भी रहे।
अपने शोक संदेश में रूडी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि वर्ष 2008 से 2014 तक राज्यसभा के सदस्य के रूप में कार्य करते हुए उन्हें बलबीर पुंज जी के साथ सदन में काम करने और उनके विचारों को निकट से सुनने-समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उस अवधि में पुंज जी के वक्तव्य तथ्य, तर्क और गहन अध्ययन से परिपूर्ण होते थे, जो सदन को समृद्ध करते थे।
रूडी ने कहा कि बलबीर पुंज जी की लेखनी केवल शब्दों का संयोजन नहीं थी, बल्कि वह राष्ट्रचिंतन की एक प्रखर धारा थी, जिसने समाज और राजनीति को नई दिशा प्रदान की। ‘द इंडियन एक्सप्रेसÓ जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़कर उन्होंने पत्रकारिता के उच्च आदर्श स्थापित किए और अपने विचारों से जनमानस को जागृत किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के अपने कार्यकाल के दौरान अनेक अवसरों पर पुंज जी के विचारों में जो वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रहित का भाव दिखता था, वह उन्हें एक विशिष्ट सार्वजनिक बुद्धिजीवी के रूप में स्थापित करता था। उन्होंने आगे कहा कि उनकी चर्चित पुस्तक “ट्रिस्ट विद अयोध्या: डीकोलोनाइजिंग द हिंदू माइंड” भारतीय चिंतन की गहराई को दर्शाती है, जिसमें सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मबोध का सशक्त संदेश निहित है। रूडी ने स्मरण किया कि संसदीय विमर्शों में भी पुंज जी इसी वैचारिक दृढ़ता और शोधपूर्ण दृष्टिकोण के साथ अपनी बात रखते थे। रूडी ने उनके संसदीय योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2000 से 2006 तक उत्तर प्रदेश तथा 2008 से 2014 तक ओडिशा से राज्यसभा सदस्य के रूप में उन्होंने सदन में प्रभावशाली भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके साथ बिताया गया संसदीय समय उनके व्यक्तित्व की गंभीरता, अध्ययनशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का साक्षी रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक निष्ठावान कर्मयोगी के रूप में बलबीर पुंज जी ने संगठन को वैचारिक ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और विचार के प्रति समर्पित रहा। अंत में रूडी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

