जौनपुर 19 अप्रैल (आरएनएस )। केराकत थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकी गांव में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें ग्राम प्रधान सहित कई लोगों के खिलाफ अनुसूचित जनजाति (एसटी) एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीडि़त गुलाब चंद्र कन्नौजिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बीते 15 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी युसूफ के साथ एक व्यक्ति के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश और जमीन संबंधी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की, जिसमें युसूफ को चोटें आईं। घटना के बाद पीडि़त पक्ष में भय का माहौल है और आरोपियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी बात कही गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुरकी ग्राम प्रधान समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ एसटी एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

