राँची 19 अप्रैल (आरएनएस)। शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत लालपुर स्थित डंगराटोली चौक के वेस्टर्न मॉल में ‘ब्लॉसम – मैटरनिटी एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटलÓ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह अत्याधुनिक अस्पताल मुख्य रूप से मातृत्व, शिशु एवं महिला स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित है, जहाँ मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में झारखंड विधानसभा के सदस्य सी.पी. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राँची सदर अस्पताल के डीएमएस डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। अस्पताल की निदेशक डॉ. रुही श्रीवास्तव ने बताया कि उनका उद्देश्य हर माँ और नवजात शिशु को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। वहीं निदेशक डॉ. राज नारायण साहू ने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों के समन्वय से मरीजों को भरोसेमंद और उत्कृष्ट इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
निदेशक डॉ. सुबोध कुमार सिंह ने मरीजों के समग्र अनुभव पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल पारदर्शी और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। निदेशक नीलम साहू ने कहा कि उनका लक्ष्य हर परिवार को सुरक्षित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस नवनिर्मित अस्पताल में मातृत्व देखभाल, स्त्री रोग, बाल रोग के साथ-साथ बांझपन एवं गर्भाधान की उन्नत सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा, नवजात शिशुओं की गंभीर देखभाल के लिए अत्याधुनिक एनआईसीयू (एनआईसीयू) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की मेडिकल टीम-डॉ. विपुला वर्मा, डॉ. ब्यूटी बनर्जी, डॉ. ऋचा के. अग्रवाल, डॉ. तूलिका सिन्हा, डॉ. आभा और डॉ. जी. मोनिका-भी उपस्थित रहीं। अस्पताल के शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने ही शहर में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

