रांची 19 अप्रैल (आरएनएस)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची की समर्पण शाखा द्वारा रांची गौशाला न्यास परिसर में महा तुलादान महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम समर्पण शाखा की अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, मुख्य संयोजिका निकिता जालान एवं मुख्य संचालक व पूर्व अध्यक्ष विनीता सिंघानिया के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन रांची की महापौर रोशनी खालखो, उप महापौर नीरज कुमार, गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत पोद्दार एवं मारवाड़ी युवा मंच के प्रांत अध्यक्ष विशाल पहाडिय़ा द्वारा किया गया। इस पावन अवसर पर कुल 11 जोड़ों ने तुलादान कर अक्षय पुण्य अर्जित किया। रोहित अग्रवाल, विकास टिकमानी, अनुप टेकरीवाल, प्रतीक मोरे, सोनू जालान और ललित टिबरेवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गौ माता के लिए 2100 किलो खाद्य सामग्री एवं हरी सब्जियों का दान किया गया। अतिथियों ने समर्पण शाखा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने गौ सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में ऐश्वर्या सेठ, ललित नारायण ओझा, मुकेश काबरा सहित फजेसीसीआई, अग्रवाल सभा, अग्रवाल युवा सभा, ब्राह्मण सभा, माहेश्वरी सभा एवं अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। तुलादान करने वाले सभी श्रद्धालुओं को महापौर रोशनी खालखो द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनीता सिंघानिया ने किया, जबकि गौ सेवा प्रभारी सौम्या समोता एवं कविता सोमानी का विशेष योगदान रहा।
समर्पण शाखा पिछले 19 वर्षों से विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्यों का आयोजन करती रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

