भोपाल 19 अप्रैल (आरएनएस)। टीटी नगर इलाके में रहने वाले बीटेक छात्र ने शनिवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों और दोस्तों ने उसे तलाश कर अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हिमांशु लोवंशी (22) ने जहर खाने के बाद अपने दोस्त को कॉल कर इसकी जानकारी दी। उसने बताया कि वह हबीबगंज इलाके में है और घर पहुंच जाएगा।
दोस्तों ने इसकी सूचना परिवार को दी। इसके बाद परिजन और दोस्त युवक की तलाश करते हुए उसे नर्मदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार सुबह हिमांशु की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।हिमांशु लोवंशी अर्जुन नगर का निवासी था और टीआईटी कॉलेज से बीटेक सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। मृतक के पिता ने कहा कि बेटे ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर वह बात बताता तो परिवार उसकी मदद करता।

