भोपाल 19 अप्रैल (आरएनएस)। बैरसिया में लव ट्रायंगल ने खौफनाक रूप ले लिया। एक महिला अपने पुराने प्रेमी के साथ घूम रही थी, जिसे देखकर नया प्रेमी भड़क गया। रास्ते में विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने ही पुराने प्रेमी को पकड़ लिया और नए प्रेमी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना 15 अप्रैल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिरुद्ध यादव (32) और महिला सोना मीणा (40) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लिया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला का मृतक हनीफ खान के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात अनिरुद्ध यादव से हुई, जिसके बाद वह उसके साथ भी रिश्ते में आ गई। यही दोहरा संबंध आगे चलकर हत्या की वजह बना।
घटना के दिन महिला, हनीफ खान के साथ बाजार में घूम रही थी। इसी दौरान अनिरुद्ध यादव ने उनका पीछा किया और मेगरा जोड़ के पास सुनसान जगह पर रोक लिया। यहां तीनों के बीच महिला को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान महिला ने ही हनीफ के हाथ पकड़ लिए, जिससे वह बचाव नहीं कर सका। इसी मौके का फायदा उठाकर अनिरुद्ध यादव ने चाकू से उसके सीने पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण हनीफ की मौके पर ही मौत हो गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे महिला का पुराने प्रेमी से मिलना नागवार था। घटना के दिन दोनों को साथ देखकर वह भड़क गया और इसी बात पर विवाद बढ़ते-बढ़ते हत्या तक पहुंच गया।
घटनाक्रम ने लिया साजिश जैसा रूप मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस व्यक्ति के साथ महिला उसी दिन घूम रही थी, विवाद के दौरान उसी को पकड़वा दिया गया।
हालांकि पुलिस इसे पूरी तरह पूर्व नियोजित नहीं मान रही, लेकिन हालात साजिश जैसे जरूर बन गए।

