सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 अप्रैल 2026 (आरएनएस) कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में 1 से 15 अप्रैल तक आयोजित राजस्व पखवाड़ा जिलेवासियों के लिए राहत भरा साबित हुआ, जहां लंबित मामलों का त्वरित निराकरण किया गया। मल्दा ‘ब’ क्लस्टर शिविर में सलिता पटेल को फौती नामांतरण तथा बद्रीप्रसाद चंद्रा को बंटवारा संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए।
ग्राम परसकोल की सलिता पटेल के पति दीपक पटेल का वर्ष 2024 में बीमारी से निधन हो गया था। नामांतरण प्रक्रिया में पारिवारिक आपत्तियों के चलते मामला अटका हुआ था, जिसे तहसीलदार न्यायालय सारंगढ़ ने सुलझाया। समाधान मिलने पर सलिता ने विष्णु देव साय सहित राजस्व अमले के प्रति आभार जताया।
वहीं ग्राम जसरा निवासी बद्रीप्रसाद चंद्रा के बंटवारा प्रकरण में भी आपत्ति के कारण वर्षों से विवाद बना हुआ था। तहसीलदार एन.के. सिन्हा के समक्ष तथ्यों के आधार पर प्रकरण का निराकरण किया गया। दस्तावेज प्राप्त करते समय भावुक हुए बद्रीप्रसाद ने इसे लंबे विवाद से मुक्ति बताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


