सिरसा 20 अप्रैल (आरएनएस)। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष योग सहायकों के लिए पांच दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
शिविर का आयोजन शहीद भगत सिंह स्टेडियम के हॉकी ग्राउंड में किया जा रहा है, जहां जिले के सभी आयुष योग सहायकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रतिभागियों में सीखने का उत्साह और अनुशासन देखने को मिल रहा है।
जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर द्वारा प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान योग आसनों की शुद्ध विधि, प्राणायाम, ध्यान तथा योग के वैज्ञानिक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे योग सहायकों को पूर्ण जानकारी मिल सके।
डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य योग सहायकों को योग की बारीकियों और प्रोटोकॉल से भली-भांति अवगत कराना है, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित योग सहायक समाज में योग के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाते हैं।
यह शिविर 21 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने और आमजन को योग अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में तैयारियां जोरों पर हैं और यह प्रशिक्षण शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

