सिरसा 20 अप्रैल (आरएनएस)। जय माँ वैष्णो महिला मण्डल, सिरसा द्वारा आयोजित प्रेम नगर में आयोजित माँ भगवती जागरण अत्यंत श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ की महिमा का गुणगान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रमुख समाजसेवी एवं माँ भक्त मनीष सिंगला ने
ज्योति प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। महिला मण्डल की सदस्यों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। टीम सन्नी सागर के कलाकारों ने पूरी रात माँ भगवती की भेंटों और भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजन-कीर्तन का आनंद लिया और जय माता दी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मनीष सिंगला ने इस मौके पर कहा कि आज के इस भागदौड़ भरे जीवन में धार्मिक आयोजन हमें मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। यह विशाल जागरण सिरसा की धर्मप्रेमी जनता की अटूट आस्था का प्रतीक है। माँ भगवती का आशीर्वाद हम सब पर बना रहे और हमारा शहर सदैव भाईचारे और समृद्धि की राह पर अग्रसर रहे, यही मेरी मंगल कामना है। ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुडऩे का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस दुनिया में सबसे शक्तिशाली शब्द हैं माँ। अगर आप जीवन में कामयाब होना चाहते हैं तो अपनी माँ की पूजा करें । जय माँ वैष्णो महिला मण्डल की मुख्य सेविका श्रीमती मंजू परमार के नेतृत्व में समस्त सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। कार्यक्रम के अंत में महिला मण्डल ने आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। मनीष सिंगला ने माँ व श्याम बाबा के भजन प्रस्तुत कर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया । इस मौके पर नगर पार्षद सुमन शर्मा, निजी सचिव हरपिन्द्र शर्मा, बलवंत शैली, योगेश बिज़ारनिया, आनंद रावत, प्रियंका बोमरा सहित सैंकड़ों की संख्या में भक्त मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

