देहरादून,20 अपै्रल (आरएनएस)। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अजबपुर फ्लाईओवर के पास से बरेली (यूपी) के दो तस्करों को 5.58 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में सबसे अहम सुराग तस्करों की जेब से मिले यूपी रोडवेज बस के टिकट रहे हैं। जिससे यह साफ हो गया है कि आरोपी नशे की यह खेप सरकारी बस में सवार होकर दून लाए थे। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 19 अप्रैल की रात बाईपास चौकी इंचार्ज दीपक सिंह पंवार चीता पुलिस के साथ चेकिंग पर थे। इसी दौरान अजबपुर फ्लाईओवर के पिलर की आड़ में अंधेरे में दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख वे घबराकर तेज कदमों से भागने लगे। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के कट्टों से गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धनराज कश्यप (25) और योगेश (18) निवासी भवापुर, थाना कैंट, जिला बरेली (यूपी) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों की पैंट की जेब से यूपी रोडवेज की रोहेलखंड डिपो की बस के 418-418 रुपये के टिकट बरामद हुए। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि बरेली से यह गांजा रोडवेज बस में छिपाकर लाए थे और इसे देहरादून की सपेरा बस्ती इलाके में सप्लाई करने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर नशा सामग्री सीज की गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

