भोपाल 20 अप्रैल (आरएनएस)।रेल यात्रियों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाली दिल्ली की गैंग को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन सहित करीब 9 लाख रुपए का मशरूका (माल) बरामद किया गया है। गिरोह भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर सक्रिय था और खासतौर पर सेना के जवानों व यात्रियों को निशाना बनाता था।
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब 3 ईएमई सेंटर लालघाटी निवासी एक सैनिक ने शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि भोपाल स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय उसका मोबाइल चोरी हो गया और बाद में एटीएम के जरिए खाते से रकम निकाल ली गई। जांच में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्ध युवक उसे घेरते नजर आए, जिनकी पहचान कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कागज के नकली नोटों की गड्डी बनाकर रूमाल में रखते थे और यात्रियों को लालच देकर भरोसे में लेते थे। इसके बाद मोबाइल और एटीएम कार्ड चोरी कर खाते से पैसे निकाल लेते थे। इसी तरीके से इंदौर में भी करीब डेढ़ लाख रुपए की वारदात करना उन्होंने कबूल किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जोगिंदर, दिलशाद, अरशद, सलुमत उर्फ धीरज, मोहम्मद अनवर और अमानतुल्लाह शामिल हैं, जो दिल्ली की जेजे कॉलोनी बवाना के निवासी हैं। इनमें से कुछ के खिलाफ पहले भी चोरी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

