भोपाल 20 अप्रैल (आरएनएस)। गांधी नगर इलाके में चोरी हुई दो गायों के मामले में शनिवार को फार्म हाउस में उनकी घंटियां और पास ही बड़ी मात्रा में खून मिलने के बाद विवाद बढ़ गया है। आरोप है कि गायों को काटकर तस्करी के लिए ले जाया गया, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है।
ऐसे में आरोपियों की गिरफ्तारी, धाराएं बढ़ाने और एसआईटी जांच की मांग को लेकर सोमवार को बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने गांधी नगर थाने में धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह को ज्ञापन सौंपा।
पुलिस के मुताबिक फरियादी बद्रीप्रसाद भिलाला ने बताया कि वे अचारपुरा रोड गोदरमऊ के निवासी हैं और खेती करते हैं। शुक्रवार रात उन्होंने गायों को खेत के पास मैदान में बांधा था, जो सुबह गायब मिलीं।
गायों की तलाश के दौरान जैन फार्म हाउस में उनके गले की घंटियां मिलीं। पास ही बड़ी मात्रा में खून और अवशेष भी पाए गए, जिससे गाय काटे जाने की आशंका जताई गई।
थाना प्रभारी ब्रजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

